उत्तर प्रदेश में बनेगा 939 करोड़ का चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे, योगी सरकार ने दी मंजूरी, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
"योगी सरकार की बड़ी सौगात चित्रकूट को!"
.png)
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी गई। यह एक्सप्रेसवे न केवल चित्रकूट को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं भी खोलेगा।
15.172 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे वाराणसी-बांदा मार्ग (राष्ट्रीय मार्ग संख्या 35/76) के किलोमीटर 267 पर जनपद चित्रकूट के भरतकूप से शुरू होकर राष्ट्रीय मार्ग 135 बी (NH 135BB) के ग्राम अहमदगंज तक पहुंचेगा। कुल लंबाई लगभग 15.172 किलोमीटर होगी। इसे 4 लेन में इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर बनाया जाएगा।
939.67 करोड़ रुपये की लागत
इस परियोजना के निर्माण पर कुल ₹939.67 करोड़ की लागत आएगी। निर्माण एजेंसी का चयन निविदा प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। परियोजना के तहत निर्माण कार्य 548 दिनों में पूरा किया जाएगा और इसके बाद 5 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निर्माण एजेंसी की होगी।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
यह एक्सप्रेसवे चित्रकूटधाम को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे बुंदेलखंड क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार दोनों को नई गति मिलेगी। इसके अलावा चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थल को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।
-(1).png)
38 लाख मानव दिवस सृजन का अनुमान
योगी सरकार का यह फैसला न केवल विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि रोजगार के लिहाज से भी बेहद लाभकारी है। निर्माण कार्य के दौरान लगभग 38 लाख मानव दिवसों के सृजन की संभावना जताई गई है, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
केंद्र सरकार की कोई भागीदारी नहीं
इस पूरी परियोजना को राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से इसमें कोई भागीदारी प्रस्तावित नहीं है। चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार एक बार फिर यह दिखाने जा रही है कि वह दूरदर्शी सोच के साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में ठोस काम कर रही है।
ताजा खबरें
About The Author

हर्ष शर्मा उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं। उन्होंने Inkhabar, Expose India और Times Bull जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट राइटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में काम किया है। SEO फ्रेंडली लेखन और डिजिटल न्यूज प्रोडक्शन में अनुभव रखते हैं। वर्तमान में भारतीय बस्ती में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।