Gratuity rules : केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, अब NPS कर्मचारियों को भी मिलेगी 20 लाख तक ग्रेच्युटी, जानिए नए नियम
Gratuity Rules: अब NPS कर्मचारियों को भी मिलेगी 20 लाख तक ग्रेच्युटी
.jpg)
देशभर के केंद्रीय कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी को लेकर बड़ी खबर है। सरकार ने ग्रेच्युटी से जुड़े नए नियम और जरूरी जानकारी साझा की है। ये नियम उन सभी सरकारी कर्मचारियों पर लागू होंगे जो कई साल पहले नौकरी में आ चुके हैं। नए नियमों से कर्मचारियों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा।
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी को लेकर बड़ी खबर
अगर आप केंद्र सरकार में 1 जनवरी 2004 या उसके बाद नौकरी पर लगे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए जरूरी है। अब NPS (नेशनल पेंशन सिस्टम) के तहत आने वाले सभी केंद्रीय कर्मचारियों को भी ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा। पहले यह सुविधा केवल पुरानी पेंशन योजना (ओल्ड पेंशन स्कीम) के तहत आने वाले कर्मचारियों को ही मिलती थी। लेकिन अब नई पेंशन योजना में शामिल कर्मचारियों को भी इसका फायदा दिया जाएगा।
रिटायरमेंट फंड में होगा इजाफा
सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने हाल ही में यह फैसला लिया है। इससे लाखों कर्मचारियों को रिटायरमेंट के समय आर्थिक रूप से फायदा होगा। उनका रिटायरमेंट फंड अब और बढ़ जाएगा।
अब नहीं रहेगी कोई उलझन
अभी तक कर्मचारियों में यह भ्रम था कि उन्हें NPS के तहत मिलने वाली 60 प्रतिशत लंप-सम रकम ही ग्रेच्युटी के रूप में दी जाएगी। लेकिन अब सरकार ने साफ कर दिया है कि NPS की 60 प्रतिशत रकम के अलावा अधिकतम 20 लाख रुपये की ग्रेच्युटी भी अलग से मिलेगी।
किन्हें मिलेगा ग्रेच्युटी का फायदा?
जिन कर्मचारियों ने 5 साल की नौकरी पूरी कर ली है, उन्हें ग्रेच्युटी मिलेगी। अगर कोई मेडिकल इमरजेंसी की वजह से समय से पहले रिटायर होता है, तब भी उसे ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा। जो कर्मचारी हादसे का शिकार हो जाते हैं, उन्हें 5 साल से पहले भी ग्रेच्युटी दी जाएगी। इतना ही नहीं, जो कर्मचारी 2 साल पहले रिटायर हो चुके हैं और इन नियमों के दायरे में आते हैं, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा।
कैसे तय होती है ग्रेच्युटी की रकम?
ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के मुताबिक, अगर कोई कर्मचारी लगातार 5 साल नौकरी करता है, तो उसे हर साल की नौकरी पर 15 दिन के वेतन के बराबर ग्रेच्युटी मिलती है। अधिकतम 20 लाख रुपये तक ग्रेच्युटी दी जा सकती है। यह रकम NPS की लंप-सम रकम के अलावा मिलेगी।
सरकार ने कर्मचारियों की बड़ी शिकायत दूर की
कर्मचारियों की यह शिकायत थी कि पुरानी पेंशन स्कीम की तुलना में नई पेंशन स्कीम (NPS) सुरक्षित नहीं है। लेकिन अब सरकार ने ग्रेच्युटी को लेकर जो फैसला लिया है, उससे पुरानी और नई पेंशन स्कीम के बीच का फर्क काफी हद तक खत्म हो गया है। इससे कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।
कर्मचारी जल्द पूरा करें ये जरूरी काम
सरकार के नए नियम के बाद सभी सरकारी कर्मचारियों को अपना रिकॉर्ड ठीक से चेक कर लेना चाहिए। खासतौर पर जो रिटायर हो चुके हैं या जिनकी रिटायरमेंट करीब है, उन्हें ये काम फौरन कर लेना चाहिए। इसके लिए अपने विभाग के कार्मिक अनुभाग (स्टाफ सेक्शन) में जाकर सर्विस पीरियड, रिटायरमेंट की तारीख और सैलरी से जुड़ी सारी जानकारी चेक कर लें कि सब कुछ सही तरीके से दर्ज है या नहीं।
रिटायरमेंट से जुड़े सभी जरूरी कागजात पूरे रखें। अगर कोई दस्तावेज अधूरा है तो बाद में ग्रेच्युटी या अन्य भुगतान लेने में परेशानी हो सकती है। इसलिए पहले से ही सभी कागजात दुरुस्त करवा लें। नई नीति के मुताबिक ग्रेच्युटी का लाभ लेने के लिए आपको समय रहते सभी रिकॉर्ड सही कराने होंगे।