योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान: गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय बनेगा सेहत, रिसर्च और रोजगार का नया हब
यूपी: योगी का ऐलान, गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय बनेगा सेहत और रोजगार का केंद्र
देश में बढ़ेगी पारंपरिक चिकित्सा की पहचान
समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लोगों की सेहत के लिए लगातार काम कर रही हैं। 2014 से पहले भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को दुनिया में उतनी पहचान नहीं मिल पाई थी। लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुर्वेद, योग, यूनानी, होम्योपैथी, नेचुरोपैथी और सिद्धा जैसी परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय बनाया।
गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय बनेगा सेहत और रिसर्च का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में 'महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय' बनाया गया है। अब इसके लोकार्पण के बाद यहां जल्द ही पढ़ाई शुरू होगी। लोग आयुर्वेद, योग, यूनानी, होम्योपैथ, नेचुरोपैथी और सिद्धा जैसी चिकित्सा पद्धतियों का लाभ ले सकेंगे। इसके साथ ही यह विश्वविद्यालय रिसर्च और नई खोजों के लिए भी बड़ा केंद्र बनेगा।
सीएम योगी ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय किसानों और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगा। औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। साथ ही, हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा देने में भी यह विश्वविद्यालय अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आयुष विश्वविद्यालय हेल्थ टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनेगा।
आयुर्वेद को बढ़ावा और किसानों को मिलेगा नया रोजगार
सीएम ने यह भी बताया कि आयुर्वेद का रस शास्त्र और धातु विज्ञान नवनाथ और चौरासी सिद्धों की परंपरा से जुड़ा है। इसे सही तरीके से व्यवस्थित करने का श्रेय महायोगी गुरु गोरखनाथ को दिया जाता है। वहीं, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किसानों से अपील की कि वे 'एक गांव-एक औषधीय पौधा' अभियान शुरू करें। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के बनने से पूर्वांचल में आयुर्वेद को बढ़ावा मिलेगा और किसान औषधीय पौधे उगाकर अच्छी कमाई कर सकते हैं। हर गांव में अलग-अलग औषधीय पौधों की खेती कर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं और समाज की सेवा भी कर सकते हैं।
ताजा खबरें
About The Author
हर्ष शर्मा उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं। उन्होंने Inkhabar, Expose India और Times Bull जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट राइटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में काम किया है। SEO फ्रेंडली लेखन और डिजिटल न्यूज प्रोडक्शन में अनुभव रखते हैं। वर्तमान में भारतीय बस्ती में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।