UP Bypolls 2026: यूपी की इन तीन सीटों पर आज हो सकता है उप-चुनाव का ऐलान, सपा-BJP में होगी टक्कर!
Uttar Pradesh Bypoll 2026
फरीदपुर (बरेली) से श्याम बिहारी लाल का 2 जनवरी 2026 को हार्ट अटैक से निधन हो गया. बताया गया कि उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसी तरह दुद्धी (सोनभद्र) से समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड का 8 जनवरी 2026 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वे आठ बार विधायक रहे थे और पूर्व में मंत्री पद भी संभाल चुके थे.
इसके अलावा घोसी (मऊ) से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का नवंबर 2025 में लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया था. इन नेताओं के निधन के कारण संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में सीटें रिक्त हुईं और उपचुनाव की स्थिति बनी.
यह भी पढ़ें: यूपी के संभल में नमाज रोकने पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो DM-SP पद छोड़ देंअगर निर्वाचन आयोग, इन तीनों सीटों पर उप चुनाव का ऐलान करता है तो यहां भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी में कांटे की टक्कर देखी जा सकती है.
2022, 2023 और 2024 में कौन जीता था?
फरीदपुर सीट से श्याम बिहारी लाल ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार विजय पाल सिंह को 2,921 वोटों से हराया था. श्याम बिहारी लाल को 92,070 वोट मिले थे, जबकि विजय पाल सिंह को 89,149 वोट मिले हुए थे.वहीं दुद्धी सीट से समाजवादी पार्टी के नेता विजय सिंह गोंड ने साल 2024 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को करीब 3,208 वोटों के अंतर से हराया था. इस चुनाव में विजय सिंह गोंड को 82,787 वोट मिले थे, जबकि भाजपा उम्मीदवार श्रवण कुमार को 79,579 वोट मिले हुए थे. साल 2022 में इस सीट पर बीजेपी के रामदुलार गोंड जीते थे और विजय कुमार नंबर 2 पर थे.
इसके अलावा घोसी विधानसभा सीट पर हुए साल 2023 के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेता दारा सिंह चौहान को 42,759 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया था. इस उपचुनाव में सुधाकर सिंह को 1,24,427 वोट मिले थे, जबकि दारा सिंह चौहान को 81,668 वोट मिले हुए थे.
2022 के बाद घोसी और दुद्धी पर क्यों हुए थे उपचुनाव?
घोसी और दुद्धी सीटों पर हुए उपचुनाव अलग-अलग राजनीतिक कारणों से हुए थे. घोसी विधानसभा सीट पर साल 2023 में उपचुनाव इसलिए हुआ क्योंकि यहां से साल 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीते विधायक दारा सिंह चौहान ने इस्तीफा दे दिया था. वह विधानसभा की सदस्यता छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. उनके इस्तीफे के कारण सीट खाली हुई और साल 2023 में उपचुनाव कराया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने जीत दर्ज की. वहीं दुद्धी (सोनभद्र) सीट पर साल 2024 में उपचुनाव इसलिए हुआ क्योंकि यहां से विधायक रहे हरिराम चेरो का निधन हो गया था. वे अपना दल (सोनेलाल) के नेता थे और 2022 में इस सीट से विधायक चुने गए थे. उनके निधन के बाद सीट रिक्त हो गई, जिसके कारण साल 2024 में यहां उपचुनाव कराया गया.
हालांकि यह भी संभावना है कि चूंकि अगले ही वर्ष यूपी में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में निर्वाचन आयोग उपचुनाव की घोषणा न करे.
ताजा खबरें
About The Author
विकास कुमार पिछले 20 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। उत्तर प्रदेश की राजनीति पर इनकी मजबूत पकड़ है, विधानसभा, प्रशासन और स्थानीय निकायों की गतिविधियों पर ये वर्षों से लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं। विकास कुमार लंबे समय से भारतीय बस्ती से जुड़े हुए हैं और अपनी जमीनी समझ व राजनीतिक विश्लेषण के लिए पहचाने जाते हैं। राज्य की राजनीति पर उनकी गहरी पकड़ उन्हें एक भरोसेमंद पत्रकार की पहचान देती है