प्रयागराज से गोरखपुर रूट की वंदे भारत का बदलेगा समय? जाने वजह
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में स्थित प्रयागराज से गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की समय-सारणी को लेकर यात्रियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. यात्रियों और स्थानीय यात्री संगठनों ने ट्रेन के मौजूदा समय में बदलाव की मांग तेज कर दी है. उनका कहना है कि मौजूदा दोपहर बाद की टाइमिंग आम यात्रियों की जरूरतों से मेल नहीं खाती.
यात्रियों की सुविधा के हिसाब से समय बदलने की मांग
यात्री सलाहकार समिति के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि ट्रेन को सुबह के समय चलाया जाए तो इसका उपयोग कहीं अधिक बढ़ सकता है. समिति से जुड़े सदस्यों उमेश चंद्र कक्कड़ और उत्तम कुमार केसरवानी के मुताबिक, अभी इस ट्रेन में अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि इसी मार्ग की अन्य ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी रहती है.
उनका सुझाव है कि वंदे भारत को सुबह करीब 6 बजे प्रयागराज से रवाना किया जाए. इससे लखनऊ, अयोध्या और गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है और ट्रेन की सीटें भी भरने लगेंगी.
यह भी पढ़ें: UGC के नए नियमों के विरोध में मेधा का अनिश्चितकालीन धरना, बोले दीन दयाल त्रिपाठी- वापस लेना होगा नियमबड़ी संख्या में सीटें रह रही खाली
जानकारी के अनुसार ट्रेन की कुल 1264 सीटों में से रोजाना लगभग आधी सीटें खाली रह जाती हैं. यह स्थिति रेलवे के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है. नियमित यात्रियों का मानना है कि सही समय तय होने पर यही ट्रेन बेहद लोकप्रिय हो सकती है. यदि ट्रेन सुबह चले तो व्यापारी वर्ग को सीधे तौर पर फायदा होगा और वे समय पर अपने काम निपटा सकेंगे.
यह भी पढ़ें: कड़र शिव मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, पार्थिव शिवलिंग बनाकर हुआ भव्य रुद्राभिषेकसुबह की ट्रेनों को मिल रही प्राथमिकता
सलोरी निवासी अभिषेक सिंह का कहना है कि ज्यादातर यात्रियों को सुबह लखनऊ पहुंचने की जरूरत होती है जिससे वे दिनभर का काम पूरा कर उसी दिन लौट सकें. वंदे भारत की मौजूदा टाइमिंग इस जरूरत को पूरा नहीं करती, इसलिए लोग इंटरसिटी जैसी सुबह चलने वाली ट्रेनों को चुनते हैं.
रेलवे की रणनीति पर भी उठ रहे सवाल
यात्रियों का तर्क है कि सुबह के समय इस रूट पर यात्रियों की मांग सबसे अधिक रहती है, लेकिन ट्रेन को दोपहर में चलाया जा रहा है. इसी कारण सीटें खाली रह रही हैं. कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि कम यात्रियों का हवाला देकर भविष्य में ट्रेन सेवा कम करने या बंद करने की तैयार की जा रही है.
वर्तमान में यात्रियों और संगठनों की नजर रेलवे के अगले फैसले पर टिकी है. यदि समय में परिवर्तन होता है तो प्रयागराज से गोरखपुर के बीच यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिल सकती है और वंदे भारत की उपयोगिता भी बढ़ सकती है.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।