Basti में सड़क हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में एनएच 27 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक कंटेनर और एक कार के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार में चल रहे एक कंटेनर और एक कार के बीच भयानक टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही कार में सवार 5 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में कार में मौजूद 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इस घटना की सूचना मिलने के पश्चात, जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना मिली, तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें उन्होंने जनपद बस्ती में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री जी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।