अश्विनी कुमार का डेब्यू धमाका, मुंबई इंडियंस ने केकेआर को धोया!

कोलकाता नाइटराइडर्स, जिसने पिछले साल दोनों मुकाबलों में मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी थी और मुंबई में भी हराया था, इस बार पूरी तरह बैकफुट पर दिख रही है। मुंबई इंडियंस ने आज बदला ले लिया है। कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली गई।
मुंबई इंडियंस के एक नए गेंदबाज, जो स्काउट का बेशकीमती हीरा साबित हो सकते हैं, ने भी शानदार प्रदर्शन किया। वह हैं अश्विनी कुमार। पंजाब के इस गेंदबाज ने शेर-ए-पंजाब टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी की थी, जिसके चलते मुंबई इंडियंस ने उन्हें चुना। आईपीएल में अपनी पहली ही गेंद पर उन्होंने विकेट लिया। आईपीएल के इतिहास में यह दुर्लभ है।
अश्विनी कुमार ने कोई कमजोर बल्लेबाज नहीं, बल्कि कप्तान अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल जैसे दिग्गजों को पवेलियन भेजा और मुंबई इंडियंस को इस मुकाबले में काफी आगे कर दिया। अब देखना यह है कि कोलकाता नाइटराइडर्स की गेंदबाजी क्या कर पाती है।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है। ट्रेंट बोल्ट ने किफायती गेंदबाजी की, दीपक चाहर ने विकेट चटकाए, अश्विनी कुमार ने चार विकेट झटके और हार्दिक पांड्या भी इकोनॉमिकल रहे। विग्नेश पुथुर, जिन्हें पिछले मुकाबले में नहीं खिलाया गया था, ने भी इस बार वानखेड़े में अच्छी गेंदबाजी की। हालांकि, उन्हें पहले ओवर में कोई सफलता नहीं मिली। मिचेल सैंटनर ने भी किफायती गेंदबाजी की।
केकेआर के बल्लेबाजों की हालत खराब रही। चाहे क्विंटन डी कॉक हों, सुनील नारायण, अजिंक्य रहाणे, अंगकृश रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, मनीष पांडे या आंद्रे रसेल—कोई भी प्रभावित नहीं कर पाया। केकेआर की हार लगभग तय हो चुकी है।
अब देखना यह होगा कि क्या कोलकाता नाइटराइडर्स की गेंदबाजी कुछ करिश्मा कर पाती है या फिर मुंबई इंडियंस इस सीजन की अपनी पहली जीत बड़ी आसानी से हासिल करती है।