यूपी के इस जिले के हजारों लोगों को राहत, 16 कॉलोनियों का हैंडओवर अंतिम चरण में
लगभग 17 वर्षों से अटकी यह प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है. जीडीए और नगर निगम के बीच चली आ रही तकनीकी और वित्तीय अड़चनों को दूर कर लिया गया है, जिससे जल्द ही इन कॉलोनियों का संचालन नगर निगम के अधीन होगा.
विकास कार्यों के लिए जारी हुए 57 करोड़ रुपये
हैंडओवर से पहले बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से मांगी गई धनराशि जीडीए ने उपलब्ध करा दी है. स्ट्रीट लाइट, सड़क, पार्क, पेयजल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए कुल 57 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं.
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि नगर निगम द्वारा दिए गए आगणन का संयुक्त परीक्षण किया गया, जिसके बाद पूरी राशि गुरुवार को आरटीजीएस के माध्यम से नगर निगम को ट्रांसफर कर दी गई है.
बोर्ड बैठकों में तय हुई हैंडओवर की रूपरेखा
20 फरवरी 2025 को हुई नगर निगम की 127वीं बोर्ड बैठक में पहले 15 करोड़ रुपये की मांग रखी गई थी. बाद में इसे संशोधित कर 23.27 करोड़ रुपये किया गया. इसके बाद 3 नवंबर को नगर निगम सभागार में हुई बैठक में यह भी तय किया गया कि जीडीए द्वारा नियुक्त स्वच्छता एजेंसी अब नगर निगम के नियंत्रण में काम करेगी. बाद की बोर्ड बैठक में सभी पहलुओं पर सहमति बनने के बाद 57 करोड़ रुपये देने पर हैंडओवर का अंतिम निर्णय लिया गया.
दस्तावेजी औपचारिकताएं भी होंगी पूरी
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक आवासीय कॉलोनियों और व्यावसायिक परियोजनाओं के हैंडओवर से जुड़ी लगभग सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं. अब जल्द ही महापौर और नगर आयुक्त की मौजूदगी में जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से कॉलोनियों को नगर निगम को सौंप दिया जाएगा.
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने भरोसा जताया कि हैंडओवर के बाद इन क्षेत्रों में सफाई, सड़क, लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का संचालन और बेहतर ढंग से हो सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
इन 16 कॉलोनियों और परियोजनाओं का होगा हैंडओवर
हैंडओवर की प्रक्रिया के अंतर्गत जिन कॉलोनियों और परियोजनाओं को नगर निगम को सौंपा जाएगा, उनमें शामिल हैं:-
- वसुंधरा एन्क्लेव (प्रथम, द्वितीय, तृतीय),
- लोहिया एन्क्लेव (प्रथम, द्वितीय, तृतीय),
- वैशाली, यशोधरा कुंज, अमरावती निकुंज,
- कारपोरेट योजना,
- बुद्ध विहार (पार्ट ए, बी, सी),
- आम्रपाली, सिद्धार्थपुरम विस्तार,
- गौतम विहार, शास्त्रीपुरम विस्तार,
- जीडीए टावर,
- लेक-व्यू अपार्टमेंट
- और प्रधानमंत्री आवास योजना राप्तीनगर
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।