यूपी में सेतु निर्माण को मिली रफ्तार, 61 ब्रिज लगभग तैयार, 93 पर काम जारी

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, प्रदेश के 10 बड़े मंडलों में कुल 224 पुलों का निर्माण किया जा रहा है. इन सभी परियोजनाओं को अगले 9 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निश्चित किया गया है.
इनमें 116 नदी पुल, 96 रेल ओवर ब्रिज (ROB), 12 फ्लाईओवर और अन्य 13 प्रकार के निर्माण कार्य शामिल हैं. इन सभी कामों की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को दी गई है. इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 16,967 करोड़ रुपये है.
राज्य सेतु निगम ने जानकारी दी है कि आगरा, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी में इन पुलों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है. इनमें से 61 पुलों का काम लगभग 75 से 99% तक पूरा कर लिया गया है, हालांकि कुछ जगहों पर फिलहाल कार्य की गति काफी कम है.
करीब 93 सेतुओं पर निर्माण अभी कम रफ्तार से हो रहा है. इनमें से 60 सेतुओं पर 51% से 75% तक काम पूरा कर लिया गया है. परंतु 33 सेतुओं पर 26% से 50% तक ही काम हुआ है.

राज्य सरकार ने हर मंडल में अलग-अलग परियोजनाएं निश्चित की हैं, जिन्हें तय समयसीमा के अंतर्गत पूरा करने पर कार्य किया जा रहा है:-
- लखनऊ मंडल – 47 परियोजनाएं
- गाजियाबाद – 38 परियोजनाएं
- कानपुर और अयोध्या – 26-26 परियोजनाएं
- गोरखपुर – 24 परियोजनाएं
- आगरा – 23 परियोजनाएं
- वाराणसी – 22 परियोजनाएं
- बरेली – 13 परियोजनाएं
- प्रयागराज – 10 परियोजनाएं
- आजमगढ़ – 8 परियोजनाएं
लोक निर्माण विभाग ने जानकारी दी है कि इन परियोजनाओं में सबसे अधिक प्राथमिकता नदी पर बन रहे 116 सेतुओं को दी जा रही है. वहीं, 1540 करोड़ रुपये की लागत से 12 फ्लाईओवर को भी निर्मित किया जा रहा हैं, इनका भी निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है. उम्मीद है कि यह कार्य समय पर पूर्ण हो जाएगा.