बस्ती में मिशन शक्ति का पांचवां चरण शुरू, महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी

बस्ती में मिशन शक्ति का पांचवां चरण शुरू, महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी
basti breaking news basti news

प्रदेश में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति का पांचवां चरण शनिवार से प्रारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल माध्यम से इसका शुभारंभ किया। नए मिशन शक्ति केंद्र के अंतर्गत महिला सुरक्षा केन्द्र का उद्घाटन भी सीएम द्वारा किया गया। हर्रैया कोतवाली परिसर में पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में महिलाओं और स्कूल की बच्चियों ने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक सुरक्षित समाज का निर्माण है। महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

30 दिनों के इस अभियान में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और महिला बीट पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। शिकायतों के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया संजय सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार संकल्पित है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाना और जनभागीदारी को और अधिक सशक्त करना है। उन्होंने वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076 आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दिया।

थाना प्रभारी तहसीलदार सिंह ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने द्रौपदी चीर हरण के एक गीत के माध्यम से भाई बहन के रिश्ते को प्रमुखता से पेश किया। उन्होंने कहा बच्चियां किसी भी तरीके से यदि असुरक्षित महसूस करती हैं तो अपनी बात अपने अभिभावक को खुलकर बताएं। मिशन शक्ति की नोडल भारती शुक्ला ने बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी सहायता के बारे में जागरूक किया। कहा कि हर महिला में प्रेरणा बनने की शक्ति होती है। लेकिन, आवश्यकता है सिर्फ अपनी क्षमताओं को पहचान कर एक साहसी कदम बढ़ाने की।

यह भी पढ़ें: बस्ती में नवरात्रि पूजा के लिए मीट-मछली-अंडा की बिक्री पर रोक की मांग


    इस अवसर पर नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विनोद, संतोष शुक्ल, गिरजेश बहादुर सिंह, रवीश मिश्र, योगेश सिंह, विनोद शुक्ल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूल की बच्चियां उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें: बस्ती का श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिला स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्टता का सम्मान

On

About The Author