यूपी में इस पुल का रास्ता बंद, गाँव वालों की बढ़ी मुश्किलें
पुल के पिलर नंबर-14 में तकनीकी गड़बड़ी पाई गई है. इसे ठीक करने के लिए CRRI (सेंटर फॉर रोड रिसर्च इंस्टिट्यूट) की विशेषज्ञ टीम मौके पर मौजूद है और जांच कर रही है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के दोनों ओर करीब 100 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है.
पुल बंद होने के कारण लोगों को 4 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है. तेज धूप और उमस के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
सबसे ज्यादा मुसीबत शादियों में शामिल होने वाले लोगों को हो रही है. रविवार को बरिपाल गांव से एक बारात सुमेरपुर थाना क्षेत्र के नंदहेड़ा गांव जा रही थी. परंतु पुल बंद होने के वज़ह से बारातियों को पैदल पुल पार करना पड़ा. वहीं दूल्हे को 35 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करके हमीरपुर पहुंचना पड़ा.
पैदल पुल पार करने के बाद बारातियों ने दूसरी ओर जाकर वाहन पकड़ा और शादी स्थल पहुंचे. बारात में शामिल समीम नाम के युवक ने बताया कि वह अपनी बुआ के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे. लेकिन पुल बंद होने के कारण उन्हें इस भीषण गर्मी में लंबा पैदल रास्ता तय करना पड़ा. उमस और गर्मी के कारण रास्ता बेहद मुश्किल भरा रहा.
पुल बंद होने के छोटे वाहन, स्कूली बच्चे, मरीज और आम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय निवासी अरविंद सुरेश ने बताया कि प्रशासन ने पहले से सूचना जरूर दी थी, परंतु वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था पूरी नहीं की गई थी.
प्रशासन ने ट्रैफिक को मुसानगर-डेरापुर, सरीला–उरई, और राठ–बिसंडा–बांदा जैसे वैकल्पिक रूटों की ओर डायवर्ट कर दिया है. लेकिन इन रास्तों की हालत भी खराब है और कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही.
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, जुलाई तक प्रत्येक सप्ताह दो दिन पुल बंद रहेगा. इसके लिए कुछ तारीखें पहले ही निश्चित कर दी गई हैं:-
- 15–16 जून
- 22–23 जून
- 5–6 जुलाई
- 12–13 जुलाई
- 19–20 जुलाई
इन तारीखों को पुल पूरी तरह से बंद रहेगा और कोई भी वाहन व व्यक्ति पुल से नहीं गुजर सकेगा. एआरटीओ अमिताभ राय ने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी आदेश का पालन करें और वैकल्पिक रूटों का इस्तेमाल करें.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।