यूपी के इस जिले में चौड़ी सड़क बनाने की योजना तैयार, 202.50 करोड़ रूपयों का निवेश
सड़क चौड़ीकरण के इस प्रोजेक्ट में कुल 202.50 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है, जिसमें सिविल कार्य पर 15 करोड़, यूटिलिटी शिफ्टिंग पर 7.50 करोड़ और भूमि व मकानों के मुआवज़े पर लगभग 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे. श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य विस्तार के बाद से वाराणसी में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुआ है. विशेष धार्मिक अवसरों पर यहां स्थिति इतनी विकट हो जाती है कि राहगीरों के लिए दो कदम चलना भी चुनौती बन जाता है. हाल ही में प्रयागराज महाकुंभ से लौटते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने काशी की यातायात व्यवस्था को और जटिल बना दिया था, जिसे कंट्रोल करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस को हाईवे, रिंग रोड और बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों को रोकना पड़ा था. हालांकि, रथयात्रा चौराहे के पास रोपवे स्टेशन के लिए सड़क को 50 मीटर तक चौड़ा किया गया है, लेकिन वहां से गुरुद्वारा तक का मार्ग अब भी कम चौड़ा है. दिनभर लगने वाला ट्रैफिक न केवल स्थानीय लोगों बल्कि पर्यटकों के लिए भी असुविधाजनक होता है.
लक्सा थाना के पास तो स्थिति और भी खराब है, जहां सड़क पर वाहन पार्क होने और थाने का कुछ हिस्सा सड़क में आने से यातायात अवरुद्ध होता है. रथयात्रा से गोदौलिया के मध्य सड़क चौड़ीकरण की योजना कोई नई नहीं है. पिछले वर्षों में नगर निगम, वाराणसी विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग ने कई बार प्रयास किए लेकिन राजनैतिक हस्तक्षेप, मकानों की तोड़फोड़ और जनविरोध के कारण योजनाएं अधूरी ही रह गईं. इस बार हालांकि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों से विचार-विमर्श कर के ही योजना को अंतिम रूप दिया गया है. अधिकारियों का मानना है कि अब किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी और निर्माण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकेगा. वर्तमान में जिस सड़क की चौड़ाई केवल 10.50 मीटर है, उसे 18 मीटर तक विस्तृत किया जाएगा. इस सड़क की कुल लंबाई 1460 मीटर होगी और यह श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध घाट, गंगा आरती और नौका विहार के लिए एक मुख्य मार्ग बनेगा. लोक निर्माण विभाग को उम्मीद है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात सुचारू हो जाएगी.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।