UP का नया मॉडल: हर जिले में उद्योग और रोजगार के लिए 100 एकड़ का खास जोन

UP का नया मॉडल: हर जिले में उद्योग और रोजगार के लिए 100 एकड़ का खास जोन
UP का नया मॉडल: हर जिले में उद्योग और रोजगार के लिए 100 एकड़ का खास जोन

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹5 लाख करोड़ से ज्यादा की निजी निवेश परियोजनाओं के साथ पांचवें ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5) के आयोजन के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि यह समारोह आने वाले नवंबर महीने में आयोजित किया जाएगा और इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारी करें.

चार सेरेमनी से बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि बीते 8.5 वर्षों में प्रदेश में 4 ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित की जा चुकी हैं. इनके जरिए लगभग 15 लाख करोड़ की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकीं, जिससे करीब 60 लाख युवाओं को रोजगार और नौकरी का अवसर मिला है.

भूमि अधिग्रहण पर विशेष जोर

बैठक में औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन के प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया संवाद और सामंजस्य से ही होनी चाहिए.

उन्होंने कहा, “किसी की भी भूमि उसके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है. यदि प्रदेश के हित में अधिग्रहण जरूरी है तो किसानों को अच्छा मुआवजा मिलना चाहिए.” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कहीं से भी उत्पीड़न की शिकायत नहीं आनी चाहिए और मुआवजे की दर बढ़ाना समय की मांग है.

नए क्षेत्रों में विकास की योजना

सीएम ने निर्यात और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में फिनटेक हब विकसित करने पर जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने के लिए नियोजित रणनीति तैयार की जाए.

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि यदि किसी औद्योगिक इकाई ने भूमि लेने के बाद 3 वर्षों तक उसका समुचित उपयोग नहीं किया तो उस भूमि का आवंटन रद्द कर दिया जाए और किसी अन्य निवेशक को दिया जाए. साथ ही, उन्होंने ‘निवेश मित्र’ और ‘निवेश सारथी’ पोर्टल को और सरल बनाने पर बल दिया.

2025-26 के लिए बड़ा लक्ष्य

औद्योगिक विकास विभाग की जानकारी के मुताबिक, साल 2025-26 के लिए विनिर्माण क्षेत्र का ₹5 लाख करोड़ का GVA लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए 8,000 नई विद्यमान इकाइयों का पंजीकरण किया जाना आवश्यक है. अब तक 1,354 इकाइयों का पंजीकरण हो चुका है. मुख्यमंत्री ने श्रम सुधारों की प्रक्रिया को और तेज करने और अप्रयुक्त औद्योगिक भूखंडों को सक्रिय करने के आदेश दिए हैं.

बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि प्रदेश के सभी जिलों में 100 एकड़ के विशेष रोजगार ज़ोन विकसित किए जाएंगे, जो सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित होंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ज़ोन उद्योग, निवेश, उद्यमिता, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार का केंद्र होंगे और आने वाले समय में देशभर के लिए मॉडल साबित होंगे.

On

About The Author

Shobhit Pandey Picture

शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।