यूपी के इस जिले में बनेगा आधुनिक शहर, चार चरणों में होगा निर्माण
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में स्थित आगरा के पास एक नया और आधुनिक शहर निर्मित करने की तैयारी की जा रही है. यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे "न्यू आगरा अर्बन सेंटर" नाम से इस शहर का निर्माण किया जाएगा, जो भविष्य में रैपिड रेल और मेट्रो से पूरी तरह जुड़ा होगा. यहां कुल 130 किलोमीटर लंबा रैपिड रेल ट्रैक बिछाया जाएगा, जो जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर आगरा के छलेसर क्षेत्र तक चलेगा.
इस रैपिड रेल प्रोजेक्ट के माध्यम से जेवर एयरपोर्ट से सीधे आगरा तक सफर करना काफी आसान हो जाएगा. साथ ही यह ट्रैक कई क्षेत्रों जैसे कालिंदी विहार, रामबाग और बिचपुरी को मेट्रो के माध्यम से न्यू आगरा से जोड़ेगा. इस पूरे प्रोजेक्ट को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा निर्मित किया जा रहा है, जो 12154 हेक्टेयर भूमि पर इस नए शहर को 4 चरणों में निर्मित किया जाएगा.
न्यू आगरा को बसाने के लिए YEIDA ने मास्टर प्लान 2041 तैयार किया है. इसके तहत यह शहर 4 चरणों में तैयार होगा और इसका पहला चरण 2025 से 2029 के बीच विकसित किया जाएगा. मास्टर प्लान में जेवर एयरपोर्ट से आगरा तक रैपिड रेल लाने की व्यवस्था की गई है. इसके अतिरिक्त रैपिड रेल का एक अन्य ट्रैक जेवर से गाजियाबाद होते हुए दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा. अब दिल्ली-एनसीआर के लोग पहले जेवर एयरपोर्ट तक आएंगे, फिर वहां से रैपिड रेल द्वारा सीधे आगरा पहुंचना काफी आसान हो जाएगा.
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) द्वारा प्रस्तावित 3 मेट्रो कॉरिडोर को न्यू आगरा से जोड़ा जाएगा. इस बारे में यीडा और आगरा मेट्रो के अधिकारी जल्द ही बैठक करने वाले हैं.
- रैपिड रेल लाइन न्यू आगरा सेंटर से गुजरते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे के समानांतर छलेसर तक जाएगी.
- कैंट स्टेशन से कालिंदी विहार तक 15 किलोमीटर का एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर पहले से ही निर्मित किया जा रहा है. इसमें 2.5 किलोमीटर का विस्तार कर इसे छलेसर तक ले जाया जाएगा.
- बिचपुरी से पोड्या घाट तक 16 किलोमीटर का एक नया मेट्रो रूट प्रस्तावित किया गया है, जिससे मेट्रो को यमुना एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा.
- रामबाग चौराहा से टेढ़ी बगिया होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे तक लगभग 8 किलोमीटर लंबा मेट्रो ट्रैक निर्मित कराने की योजना है.
- इन 3 महत्वपूर्ण रूट्स के माध्यम से न्यू आगरा को मेट्रो से जोड़ने का कार्य पूरा होगा.
न्यू आगरा अर्बन सेंटर की विशेषताएं
- यह नया शहर 12154 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला होगा और 4 चरणों में निर्मित किया जाएगा.
- यहां 14 लाख से अधिक लोगों के रहने की व्यवस्था होगी और लगभग 8.5 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.
- मास्टर प्लान के अनुसार 2029 तक पहला चरण तैयार होगा.
- मेट्रो नेटवर्क के पहले चरण में आगरा में 30 किलोमीटर लंबे 2 कॉरिडोर पर कुल 27 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं.
- 2047 तक 88 किलोमीटर के दायरे में कुल 11 नए मेट्रो कॉरिडोर आगरा शहर में निर्मित किए जाएंगे.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।