यूपी में सड़क चौड़ीकरण के लिए बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण जमींदोज
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में स्थित मऊ-परदवां रूट के चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्यों में तेजी ला दी है. बीते शनिवार को प्रशासन ने सड़क से अवैध कब्जों को हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया. मऊ कस्बे में लगभग 2 किलोमीटर लंबे हिस्से पर अतिक्रमण को हटाया गया. इस दौरान एसडीएम रामऋषि रमन के नेतृत्व में बुलडोजर की मदद से सड़क के दोनों ओर 30-30 फीट तक बने अवैध ढांचे गिरवा दिया गया.
प्रयागराज से मऊ तक रूट
यह सड़क प्रयागराज जिले के शिवपुर से जुड़कर मऊ तक जाती है. करीब 20 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. चौड़ीकरण के बाद इसकी चौड़ाई लगभग 5.5 मीटर हो जाएगी. अधिकारियों का अनुमान है कि इस परियोजना को पूरा होने में लगभग 1.5 साल का समय लग सकता है.
अभियान में भारी पुलिस बल की मौजूदगी
अतिक्रमण हटाते वक्त मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे. थाना प्रभारी दुर्गविजय सिंह, स्थानीय राजस्व कर्मी, कानूनगो, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि इस प्रोजेक्ट में किसी भी तरह की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
भूमि अधिग्रहण पहले से पूरा
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार ने जानकारी दी कि इस सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण पहले ही कर लिया गया था. हालांकि इसके बावजूद कुछ लोगों ने जमीन पर निर्माण कर लिया था. अब राजस्व विभाग की निगरानी में उन ज़मीनों को खाली कराया जा रहा है ताकि चौड़ीकरण कार्य बिना रुकावट पूरा किया जा सके.
एसडीएम का स्पष्ट आदेश
एसडीएम रामऋषि रमन ने इस विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि "सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है." उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा प्रशासन को मजबूरन सख्त कदम उठाने पड़ेंगे. साथ ही उन्होंने बताया कि यह परियोजना प्रयागराज जिले की सीमा तक फैली हुई है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और विकास दोनों में बढ़ोतरी होगी.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।