UP के इस जिले में 22-22 मीटर चौड़ी होगी सड़क, 400 लोगों को नोटिस जारी
Uttar Pradesh News
बैठक में विधायक ने कहा की सड़क को छह लेन करने की योजना से बख्शी का तालाब बाजार के कई प्रतिष्ठानों पर असर पड़ सकता है. दुकानदारों को डर है कि अगर योजना मौजूदा स्वरूप में लागू हुई तो कई पुरानी दुकानें टूट सकती हैं, जिससे कारोबार पर सीधा प्रभाव पड़ेगा. इसी कारण व्यापारी वर्ग में चिंता का माहौल बन गया है.
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार सड़क के दोनों ओर लगभग 22-22 मीटर तक चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है. परियोजना के तहत अब तक करीब 400 लोगों को नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं. विभाग का कहना है कि इनमें से अधिकतर प्रभावितों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है.
विधायक ने बैठक के दौरान यह भी कहा कि बाजार क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए योजना पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय व्यापार और लोगों की आजीविका प्रभावित न हो. उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है.
विधायक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बख्शी का तालाब बाजार सैकड़ों साल पुराना है और आसपास के गांवों के लोग यहीं से खरीदारी करते हैं. ऐसे में दुकानों को तोड़ना सही समाधान नहीं होगा. जाम की समस्या से राहत के लिए यहां फ्लाईओवर या ओवरब्रिज बनाया जाना चाहिए, ताकि ज्यादा ट्रैफिक ऊपर से गुजर सके और नीचे बाजार क्षेत्र में भीड़ कम हो. उन्होंने बताया कि इस सुझाव पर अधिकारियों से बातचीत की गई है.
अब व्यापारियों की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार और एनएचएआई इस मुद्दे पर आगे क्या फैसला लेते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास के साथ-साथ बाजार और आजीविका की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।