गोरखपुर–लखनऊ रूट पर सफर करने वालों के लिए खबर, इंटरसिटी इस तारीख तक अब ऐशबाग तक
उत्तर प्रदेश: रेल यात्रियों के लिए अगले कुछ दिनों तक थोड़ी परेशानी हो गई है. लखनऊ जंक्शन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कॉनकोर्स निर्माण का काम तेज कर दिया गया है. इसी निर्माण कार्य के कारण रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 पर इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया है, जिससे कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है.
प्लेटफार्म पर चल रहा है बड़ा काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर भीड़ को कम करने और यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए कॉनकोर्स का निर्माण किया जा रहा है. इस कार्य के दौरान सुरक्षा और तकनीकी कारणों से ट्रेनों की आवाजाही को सीमित किया गया है. इसका असर विशेष रूप से गोरखपुर और छपरा की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा.
यात्रियों को पहले से योजना बनाने की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें. कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन तक न जाकर पहले ही समाप्त या शुरू होंगी, जिससे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी हो सकती है.
गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी पर असर
गोरखपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर:- 15031/15032 गोरखपुर-लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 5 जनवरी तक (मंगलवार को छोड़कर) केवल ऐशबाग स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी. इस दौरान ट्रेन लखनऊ जंक्शन तक नहीं जाएगी.
छपरा रूट की ट्रेनों का बदला स्टॉपेज
छपरा से लखनऊ जाने वाली ट्रेन नंबर:- 15053 छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस 4 जनवरी 2026 तक लखनऊ जंक्शन के बजाय गोमतीनगर स्टेशन तक ही चलाई जाएगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर:- 15054 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस भी लखनऊ जंक्शन के स्थान पर गोमतीनगर स्टेशन से रवाना होगी.
ऐशबाग और गोमतीनगर के बीच बदला संचालन
गोरखपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर:- 15069 गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस 5 जनवरी 2026 तक ऐशबाग की जगह गोमतीनगर तक ही जाएगी. इसी तरह ट्रेन नंबर:- 15070 ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस भी ऐशबाग के बजाय गोमतीनगर स्टेशन से संचालित की जाएगी.
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव पूरी तरह अस्थायी हैं और 4 जनवरी के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है. कॉनकोर्स निर्माण पूरा होने के बाद लखनऊ जंक्शन पर यात्रियों को पहले से बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी. तब तक यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लें, जिससे यात्रियों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।