यूपी में जल्द आएगा मानसून, इस साल ज्यादे होगी बारिश
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आगामी 48 घंटों में राज्य के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इसके बाद विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. इस स्थिर मौसम पैटर्न के चलते लू के प्रकोप में कमी आ सकती है और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
भारतीय मौसम विभाग ने वर्ष 2025 के दक्षिण-पश्चिम मॉनसून जून से सितंबर के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उत्तर प्रदेश के किसानों और आम नागरिकों के लिए एक राहत भरी खबर लेकर आया है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, इस बार प्रदेश में औसत से अधिक वर्षा होने के संकेत मिल रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में मॉनसून के दौरान औसत वर्षा दीर्घकालिक औसत के 106 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से भी बेहतर रहने की संभावना है. विशेष रूप से, पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा दीर्घकालिक औसत (799 मिमी) का लगभग 110 प्रतिशत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसत (672 मिमी) का 112 प्रतिशत तक वर्षा होने की आशंका है. यानी पूरे प्रदेश में औसतन 10 से 12% अधिक बारिश हो सकती है, जो कि फसलों, जल भंडारण और पर्यावरणीय संतुलन के लिए अनुकूल संकेत है.
IMD के अनुसार, जून में भी सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा सकती है. इससे न सिर्फ तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि लू के दिन भी सामान्य से कम रह सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसा होता है, तो इससे जनस्वास्थ्य, कृषि उत्पादन और पेयजल आपूर्ति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. इस साल का मॉनसून अनुमान अंतरराष्ट्रीय जलवायु संकेतकों जैसे एल-निनो और ला-निनो की तटस्थ स्थिति और हिंद महासागर द्विध्रुव के नकारात्मक से तटस्थ होते प्रभावों के आधार पर तैयार किया गया है. इन जलवायु कारकों की अनुकूलता मॉनसून की स्थिरता और ताकत को बढ़ावा दे रही है. मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि प्रदेश में 2 जून तक वर्षा की संभावनाएं बनी रहेंगी. 1 और 2 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए किसी प्रकार का अलर्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है. मौसम विभाग के ये पूर्वानुमान न सिर्फ किसानों के लिए लाभकारी हैं, बल्कि प्रदेश के आम नागरिकों को भी गर्मी से कुछ राहत देने वाले हैं.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।