करड़ शिव मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, श्रद्धालुओं ने किया महारुद्राभिषेक
सनातन धर्म चेतना चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि०) के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय श्रावण महापर्व उत्सव के दूसरे दिन बुधवार को करड़ शिव मंदिर परिसर में भक्ति का अनूठा समागम देखने को मिला. भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मिट्टी के पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर देवाधिदेव महादेव का विधि-विधान से महारुद्राभिषेक किया. सुबह 9 बजे से ही मंदिर परिसर भगवान भोलेनाथ के जयकारों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा. भक्तों ने अत्यंत श्रद्धाभाव से पार्थिव शिवलिंग तैयार किए, जिसके बाद आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी , हर्षित पाण्डेय, अनमोल शुक्ल, विकास मिश्रा के कुशल संचालन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न हुआ.
अनुष्ठान के समापन पर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश मिश्र ने कहा, ‘पार्थिव शिवलिंग का पूजन और रुद्राभिषेक केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि यह हमारी आत्मा को शुद्ध करने और सनातन संस्कृति की जड़ों से जुड़ने का माध्यम है. अनुष्ठान में मुख्य रूप से नरसिंह शुक्ल, सौरभ कुमार बोस, सौरभ मिश्र, शैलेष कुमार श्रीवास्तव, अरुण भारती, अनूप मिश्रा, विशाल पाण्डेय, ओम राकेश मणि त्रिपाठी सहित क्षेत्र के तमाम शिव भक्त और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. वरिष्ठ समाजसेवी अरविन्द पाल ने कड़र शिव मंदिर पहुंचकर विस्तृत धार्मिक व्यवस्था को देखकर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त किया और आयोजन के सहयोगियों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए अनुष्ठान को और बृहद स्वरूप देने की बात कही. राकेश मणि त्रिपाठी ने सनातन मूल्यों पर प्रकाश डाला, जिसे सुनकर सभी भावविभोर हो गए.
ट्रस्ट के पदाधिकारियों व कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना और जनमानस में भक्ति व चेतना का संचार करना है. पहले दिन श्रद्धालुओं के अपार उत्साह और अटूट श्रद्धा से पूरा क्षेत्र अलौकिक और शिवमय नजर आया.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है