Uttar Pradesh Weather: जानें, यूपी में कैसा रहेगा मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Uttar Pradesh Weather: जानें, यूपी में कैसा रहेगा मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Uttar Pradesh News: यूपी में घने कोहरे का कहर! गाड़ी चलाना होगा मुश्किल

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मौसम में अब पूरी तरह परिवर्तन हो चुका है. शुक्रवार को तापमान में अचानक आई गिरावट का असर शनिवार व रविवार को भी दिखाई दिया. दिन में जहां हल्की धूप ने थोड़ी राहत दी, वहीं शाम ढलते ही सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया. रात के समय सिहरन इतनी बढ़ी कि लोगों को रजाई और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा.

पूरे हफ्ते रहेगा ऐसा ही मौसम

मौसम विभाग के ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल सोमवार से हफ्ते भर इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं. अगले कुछ दिनों तक सुबह के वक्त हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन में हल्की धूप और रात में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी. विभाग का कहना है कि इस दौरान तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा, पर सर्दी धीरे-धीरे बढ़ेगी.

तापमान में गिरावट, बाराबंकी सबसे ठंडा जिला

नवंबर के पहले हफ्ते से ही ठंड ने प्रदेश में अपनी दस्तक दे दी है. शनिवार को सबसे ठंडा जिला बाराबंकी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कानपुर में तापमान 11.7 डिग्री, जबकि आगरा में 11.5 डिग्री तक गिर गया. इसी तरह लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर और वाराणसी में भी तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिससे सुबह और देर रात ठंड महसूस की गई.

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने इस बदलते मौसम पर जानकारी देते हुए बताया कि अगले छह से सात दिन तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान में पहले ही भारी गिरावट दर्ज की जा चुकी है, अब अधिकतम तापमान में भी 2 डिग्री तक की कमी देखी जा सकती है. तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध के आसार बने रहेंगे. वहीं, पछुवा हवाएं शाम से रात तक ठंडक और सिहरन को और बढ़ा देंगी.

आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान 

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों जैसे लखीमपुर खीरी, बरेली, सहारनपुर, प्रयागराज और मेरठ में भी ठंड का असर और तेज होगा.

नवंबर के पहले ही हफ्ते में तापमान में गिरावट से सर्दी ने अपनी दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह ठंड अब लगातार बढ़ती जाएगी और आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है. ऐसे में लोगों को इस परिवर्तित मौसम में बचाव करने की आवश्यकता है.

On

About The Author

Shobhit Pandey Picture

शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।