लखनऊ में 3 दिन का रोजगार महाकुंभ, 50 हजार से ज्यादा युवाओं का होगा चयन
अयोध्या मण्डल सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में 26, 27 एवं 28 अगस्त 2025 को रोजगार महाकुंभ/कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है. इस रोजगार महाकुंभ में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. इसमें देश-विदेश की कंपनियां प्रतिभागियों का चयन करने हेतु आएंगी.
इन विभिन्न कंपनियों द्वारा इंटरमीडिएट, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक, बी टेक, पैरामेडिकल कोर्स आदि में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन उनके बायोडाटा व साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा. श्रमिक वर्ग, कुशल कामगार और अकुशल कामगार भी इसमें भाग ले सकते हैं.
इस रोजगार महाकुंभ में संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के पंद्रह हजार से अधिक अवसर उपलब्ध होंगे. वहीं आईटी, विनिर्माण, सेवा और उभरते उद्योगों में 35 हजार से अधिक घरेलू नौकरियां दी जाएंगी. नियोक्ता, उद्योग जगत के नेता और नौकरी चाहने वाले एक मंच पर आएंगे.
एआई प्रशिक्षण मंडप और रोजगार एवं कौशल प्रदर्शनी इस आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे. यहां डिजिटल स्किल्स और एआई आधारित नौकरी की तैयारी पर फोकस रहेगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्टाल पर सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी मिलेगी और राज्य के स्टार्टअप अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे.
इच्छुक जॉब सीकर उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और जॉब सीकर के रूप में पंजीयन कर रोजगार मेले में आवेदन कर सकते हैं. इस कार्य हेतु कोई मार्गव्यय देय नहीं होगा.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है