मुकेश खन्ना की शक्तिमान में सुपरहीरो बनेंगे रणवीर सिंह?
दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने 90 के दशक में धारावाहिक शक्तिमान से खूब वाहवाही बटोरी थी. उन्होंने हाल में ऐलान किया था कि वह इसी कॉन्सेप्ट पर फिल्म शक्तिमान बनाएंगे. जब से फिल्म की घोषणा हुई है, तभी से दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा है. अब जानकारी सामने आ रही है कि इस फिल्म के लिए अभिनेता रणवीर सिंह को अप्रोच किया गया है. वह इसमें मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर को शक्तिमान में सुपरहीरो की भूमिका निभाने की पेशकश की गई है. खबरों की मानें तो उन्होंने फिल्म का हिस्सा बनने में अपनी दिलचस्पी दिखाई है. हालांकि, अभिनेता ने अभी तक इस प्रोजेक्ट को साइन नहीं किया है. एक सूत्र ने कहा, रणवीर ने भारतीय सुपरहीरो शक्तिमान की भूमिका निभाने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है. मेकर्स को भी लगता है कि रणवीर सुपरहीरो के कैरेक्टर में करिश्मा कर सकते हैं.
सूत्र की मानें तो इस प्रोजेक्ट को लेकर मेकर्स और रणवीर में बातचीत चल रही है.
सूत्रों ने मुकेश से संपर्क किया, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी. हालांकि, उन्होंने इस खबर का खंडन भी नहीं किया. यह सभी जानते हैं कि रणवीर अलग-अलग प्रकार के किरदारों को निभाने में सक्षम हैं. यदि वह सुपरहीरो की भूमिका में नजर आएंगे, तो यह दर्शकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा.
मुकेश ने बताया था कि वह 300 करोड़ रुपये में शक्तिमान बनाएंगे. उन्होंने कहा था, कई सालों बाद यह प्रोजेक्ट मेरे हाथ आया है. लोग मुझे शक्तिमान 2 बनाने के लिए कहते थे. मैं शक्तिमान को टीवी पर वापस नहीं लाना चाहता था. मैंने सोनी पिक्चर्स के साथ हाथ मिलाया है. यह एक बड़ी फिल्म है, जो कम-से-कम 300 करोड़ रुपये के बजट में बनेगी.
इस फिल्म को स्पाइडर मैन के मेकर्स बना रहे हैं, लेकिन शक्तिमान बिल्कुल देसी होगा. मुकेश ने बताया था कि कोई हिंदुस्तानी ही फिल्म का निर्देशन करेगा. यह फिल्म तीन हिस्सों में बनेगी और इसे हिंदी, मलयालम, तेलुगु और तमिल में भी रिलीज किया जाएगा.
शक्तिमान टीवी के सबसे लोकप्रिय शो में से एक रहा है. इसमें मुकेश ने शक्तिमान की भूमिका निभाई थी. उनका डबल रोल था. एक में वह पत्रकार गंगाधर थे और दूसरे रोल में सुपरहीरो. सुपरहीरो की पहचान छुपाने के लिए वह गंगाधर बने थे, जो काफी बेवकूफियां करता रहता है. टीवी पर यह शो 13 सितंबर, 1997 को टेलीकास्ट हुआ और 2005 तक प्रसारित हुआ था. शक्तिमान भारत का पहला सुपरहीरो था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था.
रणवीर जल्द ही निर्देशक रोहित की सर्कस में दिखाई देंगे. करण की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में रणवीर काम कर रहे हैं. करण की तख्त रणवीर के खाते से जुड़ी है. वह बैजू बावरा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है