बस्ती में 84 शिक्षकों का बकाया वेतन होगा जारी, 15 सितंबर की डेडलाइन
परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की लंबित सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, वरिष्ठता सूची, वेतनमान, पदस्थापन तथा 84 शिक्षकों के बकाया वेतन भुगतान को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर शिक्षकों की जायज मांगों को प्रमुखता से उठाया.
प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार तिवारी को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए मांग किया कि शासनादेश, विभागीय नियमों एवं न्यायालयीय आदेशों के अनुरूप सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं न्यायसंगत निस्तारण किया जाए.
ज्ञापन में शासनादेश के अनुसार शिक्षकों के प्रोन्नति वेतनमान का आदेश जारी करने, संयुक्त वरिष्ठता सूची प्रकाशित करने तथा वरिष्ठता के आधार पर प्रधानाध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय, सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय के पदों पर पदोन्नति किए जाने की मांग की गई. इसके साथ ही प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर पदस्थापन, पदोन्नति एवं पदस्थापन में काउंसलिंग के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया, माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में प्रधानाध्यापक पदों पर पदस्थापन तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक के पदस्थापन में उसी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक को प्राथमिकता देने की मांग प्रमुख रही.
ज्ञापन में शिक्षा मित्रों को उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजकर नियमानुसार पदस्थापन, लंबित चयन वेतनमान की स्वीकृति, शिक्षकों को दिए गए नोटिसों का निस्तारण तथा निलंबित शिक्षकों की विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर नियमानुसार एवं सहानुभूतिपूर्वक बहाली की मांग भी शामिल रही.
प्रतिनिधिमंडल ने जिला वित्त एवं लेखाधिकारी विनय गौरव से भी मुलाकात कर 84 शिक्षकों के लंबे समय से लंबित बकाया वेतन का मामला गंभीरता से उठाया. जिला वित्त एवं लेखाधिकारी विनय गौरव ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट आश्वासन देते हुए बताया कि 84 शिक्षकों के बकाया वेतन का बिल निकल चुका है और 15 सितम्बर से पूर्व सभी संबंधित शिक्षकों का लंबित भुगतान कर दिया जाएगा.
ज्ञापन देने के बाद जिला अध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल ने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों एवं जायज मांगों को लेकर पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्याओं को निरंतर उठाता रहेगा
यह भी पढ़ें: वायरल वीडियो के बाद अर्पित पाण्डेय की मदद को आगे आए समाजसेवी, घर पहुंचकर दी आर्थिक सहायताजिला प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल ने कहा कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार अधिकारियों से संवाद कर रहा है. संगठन का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि संवैधानिक, लोकतांत्रिक एवं संवादात्मक तरीके से शिक्षकों की जायज समस्याओं का समाधान कराना है.
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनन्द दुबे, साऊंघाट ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय, रूधौली ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश मिश्रा, बहादुरपुर ब्लॉक अध्यक्ष रीता शुक्ला, पटेश्वरी निषाद, अखिलेश मिश्रा एवं सोमनाथ सहित शिक्षक संघ के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक शामिल रहे.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है