गड्ढों में तब्दील सड़कों पर निकली ट्रैक्टर यात्रा, सुभासपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
विकास खण्ड सल्टौआ गोपालपुर में जर्जर सड़कों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. गोविंदापुर से ग्राम जाता कर्मा तथा बस्ती-डुमरियागंज मुख्य मार्ग से ग्राम महुआ डाबर को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की बदहाल स्थिति को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को पार्टी की ओर से ट्रैक्टर यात्रा निकालकर प्रशासन को सड़क निर्माण की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई की चेतावनी दी गई. सुभासपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी भानपुर को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन के माध्यम से दोनों जर्जर मार्गों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने और क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई. सुभासपा नेताओं का कहना है कि दोनों मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल हैं. सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है. क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में मांग किया गया कि सात दिनों के भीतर दोनों मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए.
इसके बाद 15 दिनों के भीतर तकनीकी जांच कराकर सड़क निर्माण का प्राक्कलन तैयार कराया जाए और अधिकतम 30 दिनों के भीतर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किया जाए. साथ ही निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई.
यह भी पढ़ें: बस्ती में लघु सिंचाई विभाग के JE पर करोड़ों के गबन का आरोप, मंडलायुक्त से कार्रवाई की मांगज्ञापन देने के बाद प्रमोद कुमार चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से जर्जर सड़कों से परेशान है और अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है. उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों के साथ शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान ग्राम प्रधान संतोष कुमार चौधरी, तेजेन्द्र निषाद, विनोद मौर्या, सूरज गौतम, कुलदीप शुक्ला, पूर्व प्रधान राम प्रकाश चौधरी, धर्मराज, कृष्ण मोहन, अखिलेश, घनश्याम, धर्मेंद्र, मनोज, सुभाष सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे.
ताजा खबरें
About The Author
विकास कुमार पिछले 20 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। उत्तर प्रदेश की राजनीति पर इनकी मजबूत पकड़ है, विधानसभा, प्रशासन और स्थानीय निकायों की गतिविधियों पर ये वर्षों से लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं। विकास कुमार लंबे समय से भारतीय बस्ती से जुड़े हुए हैं और अपनी जमीनी समझ व राजनीतिक विश्लेषण के लिए पहचाने जाते हैं। राज्य की राजनीति पर उनकी गहरी पकड़ उन्हें एक भरोसेमंद पत्रकार की पहचान देती है