बस्ती में लघु सिंचाई विभाग पर गंभीर आरोप, JE के निलंबन की मांग
भारत मुक्ति मोर्चा के पूर्वांचल जोन अध्यक्ष आर.के. आरतियन के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लघु सिंचाई विभाग में तैनात अवर अभियंता पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण और निलंबन की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद बस्ती के लघु सिंचाई विभाग में पिछले कई वर्षों से करोड़ों रुपये के सरकारी कार्यों में अनियमितता की जा रही है. संगठन का कहना है कि किसानों के नाम पर बिना बोरिंग कराए भुगतान किए जाने तथा कुछ किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से भुगतान कराने की शिकायतें सामने आई हैं. ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कई किसानों को बोरिंग से संबंधित सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई,
जबकि उनके नाम पर भुगतान करा लिया गया. ज्ञापन में अवर अभियंता परविंदर सिंह के संबंध में भी आरोप लगाते हुए कहा गया कि उनका स्थानांतरण शासन स्तर से किए जाने के बावजूद वह जनपद बस्ती में अटैचमेंट के माध्यम से कार्य कर रहे हैं. संगठन ने उनके कार्यकाल में कराए गए कार्यों की जांच कराने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है. आर.के. आरतियन ने कहा कि यदि उनकी मांगें 48 घंटे के अंदर पूरी नहीं की गईं तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की. ज्ञापन देने के दौरान राम सुमेर यादव, मंडल उपाध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, हृदय गौतम, मंडल अध्यक्ष बीएमपी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेम नंदवंशी, कृपा शंकर वर्मा, छट्ठीदीन, शिवकुमार, मो. अजीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है