बस्ती में स्कूल बैंड की धुन पर दिखा दम, बालक-बालिका वर्ग में ये टीमें बनीं विजेता

बस्ती में स्कूल बैंड की धुन पर दिखा दम, बालक-बालिका वर्ग में ये टीमें बनीं विजेता
बस्ती में स्कूल बैंड की धुन पर दिखा दम, बालक-बालिका वर्ग में ये टीमें बनीं विजेता

 राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय हाल में बुधवार को जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. बैंड की जोशीली धुनों के बीच विद्यार्थियों ने अनुशासन, तालमेल, टीम भावना और वादन कौशल का शानदार प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं. बालक एवं बालिका वर्ग में कुल चार विद्यालयों की बैंड पार्टियों ने प्रतिभाग किया. प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजगवा जंगल के पूर्व प्रधानाचार्य सुरेश चंद वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया.

मुख्य अतिथि ने कहा कि संगीत विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना विकसित करने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम है. स्कूल बैंड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती हैं. आयोजक विद्यालय के प्रवक्ता चंद्रभान पांडेय ने प्रतिभागी विद्यालयों से आए विद्यार्थियों, निर्णायकों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का स्वागत किया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया. प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य इंद्र बहादुर, प्रधानाचार्य उदयभान सिंह और प्रधानाचार्य रामचंद्र यादव शामिल रहे.

निर्णायकों ने बैंड पार्टियों की प्रस्तुति, अनुशासन, तालमेल, वाद्य यंत्रों के संचालन और समग्र प्रदर्शन के विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया. बालक वर्ग में झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज, कलवारी की बैंड पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती की टीम द्वितीय स्थान पर रही. वहीं बालिका वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बस्ती की बैंड पार्टी ने उत्कृष्ट प्रस्तुति के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया. बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, बस्ती की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया. प्रतियोगिता का आयोजन मंडलीय सचिव अमित कुमार यादव, प्रभाकर ओझा, माता प्रसाद त्रिपाठी, रमेश चंद्र गुप्ता और विवेक कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुआ. आयोजन के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक अजय कुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया.

एक दशक बाद बदली सड़क की सूरत, चेयरमैन नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण यह भी पढ़ें: एक दशक बाद बदली सड़क की सूरत, चेयरमैन नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण

On

About The Author

Bhartiya Basti Picture

भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है