तालाब के पट्टे को लेकर विवाद, समिति सदस्यों ने DM से की जांच और कार्रवाई की मांग
मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड सल्टौवा गोपालपुर के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने तालाब के पट्टे को लेकर जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का आरोप है कि समिति के सभी सदस्य तालाब के पट्टे में भाग नहीं लेना चाहते हैं, इसके बावजूद समिति के सचिव अशोक चौधरी द्वारा पिछले 10 वर्षो से बस्ती में जमे मत्स्य विभाग के अधिकारी संदीप वर्मा से मिलीभगत कर पट्टे के लिए आवेदन किया गया है. मांग किया कि मत्स्य विभाग के अधिकारी संदीप वर्मा के गतिविधियों की जांच, कार्रवाई कराकर उनका तत्काल स्थानान्तरण कराया जाय.
सोमवार को आरती निषाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए मांग पत्र में कहा कि उनकी समिति का भानपुर तहसील क्षेत्र में 18 अगस्त 2026 को तालाब की नीलामी, पट्टा प्रक्रिया में शामिल होना प्रस्तावित था. आरोप है कि समिति के सचिव अशोक चौधरी ने मत्स्य विभाग के अधिकारी संदीप वर्मा से मिलकर कथित रूप से समिति की जानकारी के बिना पट्टे के लिए आवेदन किया. ग्रामीणों का कहना है कि समिति के अधिकांश सदस्य इस प्रक्रिया से सहमत नहीं हैं.
मांग पत्र में ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही आरोप लगाया गया है कि मत्स्य विभाग के अधिकारी संदीप वर्मा लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं और तालाबों के पट्टे में अनियमितता की शिकायतें पूर्व में भी उठती रही हैं. ग्रामीणों के मुताबिक इस संबंध में इससे पहले कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद से भी शिकायत की जा चुकी है. धर्मराज निषाद द्वारा भी पूर्व में मंत्री से शिकायत किए जाने का उल्लेख मांग पत्र में किया गया है.
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर समिति के सदस्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समिति के सदस्यों की सहमति के विपरीत पट्टा प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो इससे विवाद और बढ़ सकता है.
जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपने के दौरान धनपत निषाद, सरोज, कलावती, सरोजा निषाद, चम्पा, झिनकी देवी, बृजेश निषाद, हरिप्रसाद साहनी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है