बस्ती में जमीन पर कब्जे और निर्माण का आरोप, पीड़ितों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के महुडर ‘रेहरवा’ निवासी राजेश कुमार यादव, फुलवारी देवी और अनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाया है. पीड़ितों ने पुरानी बस्ती थाने में तैनात दीवान जितेन्द्र कुमार मौर्य के कथित संरक्षण में रवि मद्धेशिया और उदयभान उर्फ पप्पू यादव द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है.
पीड़ित राजेश कुमार यादव की ओर से 25 सितम्बर 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार विवादित भूमि को लेकर पहले भी पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है. पत्र में कहा गया है कि कुछ लोग उनकी भूमि पर जबरन कब्जा करने के साथ ही निर्माण कार्य करा रहे हैं. विरोध करने पर गाली-गलौज और जानमाल की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है.प्रार्थना पत्र में भूमि से संबंधित कई गाटा संख्याओं का उल्लेख करते हुए शिकायतकर्ता ने कहा है कि जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर विवाद की वास्तविक स्थिति राजस्व विभाग से पैमाइश कराकर स्पष्ट की जा सकती है.
पीड़ितों का कहना है कि बिना पैमाइश के विवादित भूमि पर निर्माण कराया जाना उनके हितों को प्रभावित कर सकता है. पीड़ितों ने मांग की है कि मौके पर चल रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए, राजस्व विभाग से भूमि की पैमाइश कराकर स्थिति स्पष्ट कराई जाए और यदि जांच में किसी पक्ष द्वारा प्रशासन को गुमराह किए जाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में पुलिसकर्मी की कथित भूमिका के कारण उन्हें न्याय मिलने में परेशानी हो रही है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है