यूपी के इस जिले में किसानों के खेतों में बनेंगे प्लेडज पार्क, 1% ब्याज पर मिलेगा ऋण
लीज पर देंगे जमीन, उद्योग लगाएंगे उद्यमी
इस योजना के अंतर्गत भूमि स्वामी किसान अपनी जमीन उद्यमियों को लीज पर दे सकेंगे. उद्योगों का निर्माण बिल्ड, ओन और ऑपरेट मॉडल पर किया जाएगा. यानी उद्यमी उद्योग लगाएंगे और संचालित करेंगे, जबकि किसान को नियमित किराया मिलेगा. इससे किसान को स्थायी आय का स्रोत मिलेगा और जमीन भी सुरक्षित रहेगी.
सिर्फ 1% ब्याज पर मिलेगा ऋण
प्लेज पार्क विकसित करने के लिए शासन की ओर से किसानों को सिर्फ 1% ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. इस राशि का उपयोग आंतरिक विकास कार्यों में किया जाएगा. इसमें पक्की सड़कें, जल निकासी की व्यवस्था, चहारदीवारी, शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी.
कितनी जमीन होना जरूरी
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास कम से कम 10 एकड़ और अधिकतम 50 एकड़ भूमि होनी चाहिए. किसान अपनी इच्छा के अनुसार पूरी जमीन या उसका कुछ हिस्सा लीज पर दे सकते हैं. प्रशासन किसानों को सभी औपचारिकताओं में मदद करेगा.
जिला स्तरीय समिति करेगी किसानों की मदद
किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है. यह समिति प्लेज पार्क से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान करेगी.
समिति में शामिल अधिकारी इस प्रकार हैं:-
- जिलाधिकारी - अध्यक्ष
- मुख्य विकास अधिकारी - सदस्य
- संबंधित तहसील के एसडीएम - सदस्य
- मुख्य कोषाधिकारी - सदस्य
- अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी - सदस्य
- अधिशासी अभियंता ऊर्जा - सदस्य
- उपायुक्त उद्योग - सदस्य सचिव
एक्सप्रेसवे के साथ बनेगा औद्योगिक कॉरिडोर
सिद्धार्थनगर से होकर गुजरने वाले गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. शासन स्तर पर इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है. इससे जिले में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनेगा और निवेश को बढ़ावा मिलेगा.
रोजगार और विकास को मिलेगी नई दिशा
उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश ने इस विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि जिले में प्लेज पार्क को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार जागरूक किया जाएगा. यह योजना न सिर्फ किसानों की आय बढ़ाएगी, बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध कराएगी.
प्लेज पार्क योजना से किसान सिर्फ जमीन मालिक नहीं रहेंगे, बल्कि जिले के औद्योगिक विकास के भागीदार बनेंगे. आने वाले समय में यह पहल सिद्धार्थनगर की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे सकती है.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।