UP Politics: कांग्रेस की नई चाल! यूपी में पिछड़ों को मिलेगा 60% हिस्सा, राहुल गांधी खुद करेंगे जांच
UP Politics:
UP Politics: कांग्रेस पार्टी की आने वाली जिला और शहर कार्यकारिणी में इस बार सामाजिक न्याय को खास महत्व दिया जाएगा. नई टीम में जातीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार करीब 60 फीसदी पद दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को दिए जाएंगे. साथ ही 20 फीसदी पदों पर महिलाओं को जगह मिलेगी. ऐसा माना जा रहा है कि 133 जिला और शहर कार्यकारिणी की घोषणा जून के आखिर या जुलाई के पहले हफ्ते में की जा सकती है.
कांग्रेस मुख्यालय में 6 दिन चला संगठन सृजन कार्यक्रम
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में छह दिन तक संगठन सृजन कार्यक्रम चला. इस दौरान प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जिलावार समीक्षा की. इस प्रक्रिया में वार रूम की रिपोर्ट के आधार पर कई जिलों और शहरों की कमेटियों में बदलाव किए गए.हर जिला और शहर अध्यक्ष से उनकी कार्यकारिणी में शामिल किए गए पदाधिकारियों के बारे में पूरी जानकारी ली गई.
नियमों को नजरअंदाज कर बनी कमेटियों में हुआ सुधार
जिन जिलों और शहरों में नियमों को नजरअंदाज करके कमेटियां बनाई गई थीं, वहां बदलाव किए गए हैं. साथ ही जिला और शहर अध्यक्षों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन न करें. पार्टी की ओर से यह भी साफ कर दिया गया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी खुद सभी जिला और शहर कार्यकारिणियों में जातिगत संतुलन की जांच करेंगे. ऐसे में अगर किसी ने मनमानी की, तो उस पर कार्रवाई हो सकती है. फिलहाल प्रदेश मुख्यालय से सभी कार्यकारिणियों की सूची स्वीकृति के लिए दिल्ली भेज दी गई है.
ताजा खबरें
About The Author
हर्ष शर्मा उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं। उन्होंने Inkhabar, Expose India और Times Bull जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट राइटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में काम किया है। SEO फ्रेंडली लेखन और डिजिटल न्यूज प्रोडक्शन में अनुभव रखते हैं। वर्तमान में भारतीय बस्ती में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।