यूपी में इस रूट पर बनेगा 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड, इस जिले का सफ़र होगा आसान

यूपी में इस रूट पर बनेगा 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड, इस जिले का सफ़र होगा आसान
यूपी में इस रूट पर बनेगा 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड, इस जिले का सफ़र होगा आसान

उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से शाहबेरी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) तक यातायात को सुगम और तेज़ बनाने के लिए अब एक नई योजना आकार ले रही है. क्षेत्र में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और यातायात दबाव को नज़र में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा शाहबेरी एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को निर्मित कराने का कार्य भी एनएचएआई द्वारा ही कराया जाएगा.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस सड़क परियोजना पर आने वाले खर्च का अनुमान जारी कर दिया है. यह 4 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 से प्रारंभ होकर शाहबेरी के रास्ते एनएच-9 को जोड़ेगी. परियोजना को मार्च में हुई प्राधिकरण बोर्ड बैठक में औपचारिक स्वीकृति मिल चुकी है. इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 400 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. परंतु, इस लागत साझेदारी पर चर्चा नहीं हुई है, इसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), नोएडा प्राधिकरण, और यमुना प्राधिकरण की भागीदारी तय की गई है. लेकिन, लागत में हिस्सेदारी को लेकर अंतिम सहमति अभी नहीं बन पाई है. प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, एनएचएआई को डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, और इसके लिए आवश्यक धनराशि भी प्राधिकरण की ओर से जमा करा दी गई है. रिपोर्ट तैयार करने में लगभग चार-पांच महीने का समय लग सकता है.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने बताया कि इटेड़ा गोलचक्कर से सेक्टर-4 होते हुए एनएच-9 तक एलिवेटेड रोड का निर्माण, जाम की गंभीर समस्या से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा. यह सड़क न केवल नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के मध्य यातायात को सुचारू बनाएगी, बल्कि आगामी जेवर एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को भी राहत देगी. बता दें कि यह रूट दो प्रमुख जिलों:- गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद को जोड़ता है. शाहबेरी मार्ग, जो कि इटेड़ा गोलचक्कर से शुरू होकर क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद तक जाता है, को पहले ही चौड़ा किया जा चुका है. हालांकि इसके बावजूद, ट्रैफिक का दबाव कम नहीं हो पाया है. हर दिन यहां से लगभग 1.5 से 2 लाख वाहन गुजरते हैं, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ता है. इस एलिवेटेड रोड के निर्मित होने के बाद वाहन चालकों को बिना किसी परेशानी के सीधे एनएच-9 तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा. इसके साथ ही, इस सड़क को एनएच-24 से जोड़ने के लिए एक लूप भी प्रस्तावित किया गया है, जिससे ट्रैफिक डायवर्जन को और अधिक सहज बनाया जा सके. स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि यह एलिवेटेड रोड न सिर्फ ट्रैफिक की समस्या का समाधान बनेगी, बल्कि समय की भी काफी बचत करेगी.

On

About The Author

Shobhit Pandey Picture

शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।