यूपी में होगा यह महोत्सव, सीएम योगी द्वारा दिए गए निर्देश
15 जून से 21 जून 2025 तक चलने वाला यह योग सप्ताह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. यह सप्ताह योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक अनूठा प्रयास होगा. इस दौरान प्रदेश के सभी जनपदों, तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में सामूहिक योग अभ्यास, संगोष्ठियां, कार्यशालाएं, भाषण प्रतियोगिताएं, रंगोली और निबंध लेखन जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. सरकार की योजना के अनुसार, पूरे राज्य में 5000 से अधिक प्रशिक्षित योग शिक्षकों को अलग-अलग जिलों में तैनात किया जाएगा. आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने जानकारी दी कि योग महाविद्यालयों और प्रशिक्षकों के सहयोग से अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जो आयोजन की निगरानी और क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगी. चिकित्सा शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और अन्य शैक्षिक संस्थानों में छात्रों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे. इससे युवाओं में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का नया संचार होगा.
योग को केवल शारीरिक व्यायाम न मानते हुए, इसे पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जा रहा है. राज्य सरकार ने निश्चित किया है कि योग सत्रों के साथ वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियानों को भी जोड़ा जाएगा. प्रदेश के 4,075 स्थानों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के मुताबिक सामूहिक योग अभ्यास होंगे. नगर विकास विभाग के सहयोग से चिन्हित योग पार्कों को निर्मित किया जा रहा है, जहां जनसहभागिता से अभ्यास होगा. 21 जून को योग सप्ताह का समापन होगा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त, 1 जून से टीवी और दूरदर्शन पर विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाएंगे. प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जानकारी दी कि जिला अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ एलोपैथिक अस्पतालों में भी इस बार योगाभ्यास की व्यवस्था की जा रही है.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।