बस्ती में PDA का शक्ति प्रदर्शन, महेंद्रनाथ यादव के मार्च पर अखिलेश ने साधा BJP पर निशाना
बस्ती. लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर बुधवार को बस्ती में समाजवादी पार्टी ने बड़ा पैदल मार्च निकाला. सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेंद्रनाथ यादव के नेतृत्व में कटेश्वरपार्क स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से गांधी कला भवन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक निकले मार्च में हजारों की संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. हाथों में तख्तियां और नारे लगाते कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते शहर में कई जगह यातायात भी प्रभावित हुआ.
मार्च के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची में गड़बड़ी दूर करने की मांग उठाई. इस दौरान ‘वोट चोर’ के नारे भी लगाए गए.
अखिलेश यादव ने बस्ती के मार्च का वीडियो किया शेयर
बस्ती में हुए इस कार्यक्रम की तस्वीर और वीडियो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. अखिलेश यादव ने बस्ती में आयोजित PDA मार्च को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे PDA समाज के जागने का संकेत बताया.
यह भी पढ़ें: कौन हैं ओमवीर सिंह, जिन्हें बनाया गया बस्ती का नया SP? बलिया से अब बस्ती की संभालेंगे कमानअखिलेश यादव ने लिखा कि बस्ती में आयोजित इस ‘PDA मार्च’ को देखकर पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा के होश उड़ गए होंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में PDA समाज के प्रति उत्पीड़न और अन्याय बढ़ रहा है.
अखिलेश ने अपने पोस्ट में कहा कि PDA समाज अब जाग चुका है और वर्चस्ववादियों की कथित धमकियों से डरने वाला नहीं है. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए दावा किया कि जिस तरह PDA समाज ने उस चुनाव में भाजपा को जवाब दिया, उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता अपना फैसला सुनाएगी.
उन्होंने आगे कहा कि 2027 में भाजपा को अपने ‘घमंड का दंड’ मिलेगा और PDA समाज इस बार अपनी सरकार बनाने का संकल्प ले चुका है. अखिलेश के इस पोस्ट के बाद बस्ती का यह कार्यक्रम सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया.
महेंद्रनाथ यादव बोले- वोट की सुरक्षा जरूरी
मार्च को ऐतिहासिक बताते हुए सपा जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेंद्रनाथ यादव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के वोट की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित होना लोकतंत्र के लिए जरूरी है. उन्होंने निर्वाचन व्यवस्था को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों और आशंकाओं को गंभीरता से लेने की बात कही.
महेंद्रनाथ यादव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि जांच में संवैधानिक पद की गरिमा या निर्वाचन संबंधी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए.
उन्होंने बस्ती के पैदल मार्च की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सराहना किए जाने पर उनका आभार भी जताया.
सड़क पर उमड़ी भीड़, सपा ने दिखाया संगठन
मार्च में विधायक राजेंद्र चौधरी, कविंद्र चौधरी ‘अतुल’, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, राजाराम यादव, राम जियावन समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे. कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में अनियमितताओं को दूर करने, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की मांग उठाई.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है