Basti News: बंजर भूमि पर कब्जे का आरोप, रास्ता बंद करने की शिकायत लेकर एसपी पहुंची महिला
कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबहट निवासिनी आरती यादव ने बंजर भूमि पर अवैध कब्जा और रास्ता अवरुद्ध किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग किया है. एसपी को दिये पत्र में आरती यादव ने सरकारी भूमि पर निर्माण कराने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले में स्थानीय प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग किया गया है.
कलवारी थाना क्षेत्र के धोबहट निवासी आरती यादव पत्नी अशोक कुमार ने एसपी को दिये पत्र में कहा है कि उसके मकान के पास पूर्व दिशा में स्थित भूमि के संबंध में विवाद चल रहा है. विवादित भूमि के बगल में स्थित गाटा संख्या 360 राजस्व अभिलेखों में डहर, बंजर भूमि के रूप में दर्ज है, जबकि वह स्वयं गाटा संख्या 565 की आबादी भूमि पर मकान बनाकर निवास कर रही हैं.
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही अंबिका प्रसाद पुत्र स्वर्गीय राजेश यादव ने हाल ही में एक बैनामा कराया है,
लेकिन बैनामे में दर्शाई गई भूमि और मौके की वास्तविक स्थिति में अंतर है. शिकायतकर्ता का दावा है कि दस्तावेजों में दिखाई गई जमीन मुख्य मार्ग से लगभग 500 मीटर दूर बताई गई है, जबकि जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा है वह मुख्य मार्ग के निकट स्थित है. बैनामा शुदा जमीन के स्थान पर अन्य भूमि को जबरिया कब्जे में लिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: Basti News: भैंसहटी में पंचायत भवन और महिला शौचालय की बदहाल स्थिति, डीएम से जांच की मांगमहिला का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा सरकारी बंजर भूमि पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे उनके घर तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो रहा है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी की दीवार और छप्पर को नुकसान पहुंचाया गया, जिसके कारण उनका मार्ग अवरुद्ध हो गया है.
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि आरोपित व्यक्ति के बड़े भाई एक आईपीएस अधिकारी हैं तथा उनके भाभी सीजेएम पद पर कार्यरत हैं. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इन प्रभावशाली पदों का अनुचित लाभ उठाकर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है. उसने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, राजस्व विभाग से स्थलीय निरीक्षण कराने और विवादित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की है. शिकायत के साथ महिला ने खतौनी, बैनामा संबंधी दस्तावेज और भूमि की छायाप्रति भी संलग्न किए हैं.
ताजा खबरें
About The Author
भारतीय बस्ती, बस्ती और अयोध्या से प्रकाशित होने वाला प्रमुख समाचार पत्र है. इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग भारतीय बस्ती के संवाददाताओं द्वारा ज़मीनी स्तर पर की गई है