पूर्वोत्तर रेलवे ने दी नई सौगात, यूपी के 32 स्टेशनों से होकर गुजरेंगी ट्रेनें
इस बड़ी परियोजना को 3 अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण के अंतर्गत खलीलाबाद से बांसी तक लगभग 54.40 किलोमीटर लंबा रेल ट्रैक तैयार किया जा रहा है. इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है और रेलवे प्रशासन ने इसे 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है. हालांकि प्रारंभ में इस कार्य को 2026 तक पूरा करने की योजना थी, लेकिन तकनीकी कारणों और प्रक्रिया में आई बाधाओं के कारण इसमें कुछ विलंब हुआ है. इस रेलवे लाइन पर कुल 32 स्टेशनों का निर्माण प्रस्तावित है. इनमें 4 जंक्शन, 16 क्रॉसिंग स्टेशन और 12 हाल्ट स्टेशन शामिल हैं. प्रस्तावित स्टेशनों में खलीलाबाद, बघौली बाजार, बखिरा, मेंहदावल, पसाई, खेसरहा, बांसी, रमवापुर दूबे, भागोभार, टिकरिया, डुमरियागंज, धनखरपुर, बंजरहा, चिरकुटिहा परिमनिहा, उतरौला, कपौवा शेरपुर, श्रीदत्तगंज, महेशबारी, खगई जोत, बलरामपुर, झारखंडी, हसुवाडोल, श्रावस्ती, इकौना, लक्ष्मणपुर, बिशुनपुर रामनगर, भिनगा, हरिहरपुर, धुंसवा बरडेहरा, आजातपुर और बहराइच प्रमुख हैं.
इन स्टेशनों से ग्रामीणों को शहरों से सीधा जुड़ाव मिलेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और स्थानीय उत्पादों को बाहरी बाजार तक पहुँचाने में आसानी होगी. इस परियोजना में इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. कुल 2 विशाल पुल, 32 बड़े पुल और 86 छोटे पुलों के अलावा 9 ओवरब्रिज और 132 अंडरपासों को निर्मित किया जाएगा. यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर इस रूट को सुरक्षित और तेज़ बनाएगा, जिससे रेल यातायात बिना किसी परेशानी के संचालित हो सकेगा. साथ ही, बलरामपुर और झारखंडी स्टेशनों को जंक्शन का दर्जा मिलने से क्षेत्रीय रेल संपर्क और सशक्त होगा. यह रेल लाइन केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है. इस रूट के निर्मित होने से किसानों को अपनी उपज को मंडियों तक पहुँचाने में काफी आसान होगी, छात्रों को बेहतर शिक्षा संस्थानों तक पहुँचना सुविधाजनक बनेगा और दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगेंगी. आने वाले सालों में इस रेललाइन के आसपास छोटे-बड़े बाज़ार, स्टेशन हब और व्यावसायिक केंद्र निर्मित होने की भी संभावना है.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।