यूपी के इस जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा, 16 घंटे तक डायवर्जन जारी
10 ज़िलों से आने वाले भारी वाहन रहेंगे प्रतिबंधित
शहर में 30 मई को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक कुल 16 घंटे का यातायात डायवर्जन लागू रहेगा. इस दौरान भारी वाहनों को कानपुर नगर की सीमा में प्रवेश की मंजूरी नहीं दी जाएगी. डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के दौरे को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि उन्नाव, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, महोबा, जालौन, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज और हरदोई जैसे ज़िलों से आने वाले भारी वाहन 30 मई को कानपुर नगर की सीमा में दाखिल नहीं हो सकेंगे.
शहर के प्रमुख चौराहों पर लागू रहेगा डायवर्जन
डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, गंगा बैराज तिराहा, कल्याणपुर क्रॉसिंग, टाटमिल चौराहा, गुमटी नंबर 5, वेन्डी स्कूल तिराहा, छपेड़ा पुलिया, नवाबगंज, गोपाला तिराहा, फूलबाग, चार्लिश चौराहा, अहिरवां और चकेरी जैसे शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि वह 30 मई को जीटी रोड और वीआईपी रोड जैसे मुख्य मार्गों का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों से सफ़र करें. ट्रैफिक विभाग ने कार्यक्रम स्थल के निकट 25 पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए हैं, जहां पर आम नागरिक अपने वाहन पार्क करके पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे. इसके अतिरिक्त, इस दिन जारी किए गए सभी "नो एंट्री पास" को निरस्त घोषित किया गया है और वे मान्य नहीं रहेंगे.
चुनावी दृष्टिकोण से अहम है पीएम का यह दौरा
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न सिर्फ प्रशासनिक बल्कि राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कानपुर से चुनावी शंखनाद करने की रणनीति अपनाई है. प्रधानमंत्री यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है. ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने आसपास के जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें की हैं. कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़े मार्गों पर निगरानी रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करें. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनता को थोड़ी असुविधा जरूर हो सकती है, परंतु यह इंतज़ाम प्रधानमंत्री के दौरे की सफलता और शहर की गरिमा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।