यूपी के इस जिले से दिल्ली तक होगा सीधा सफर, मिली तीन नई रोडवेज बसों की सौगात
एआरएम नरेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अब अलीगंज से दिल्ली के लिए 3 नियमित रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा. ये बसें कंपिल, बौद्ध स्थली संकिसा और सरौठ जैसे प्रमुख स्थलों से होकर अलीगंज पहुंचेंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगी. इस सुविधा से न सिर्फ छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को लाभ होगा, बल्कि व्यापारियों और आम यात्रियों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी. अधिकारियों के अनुसार, करीब 1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अलीगंज रोडवेज बस अड्डे को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है. अब यहां से हर रोज 3 बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा.
बसों का टाइम टेबल और मार्ग:-
- कंपिल वाली बस सुबह 7:10 बजे रवाना होगी और अलीगंज होते हुए दिल्ली जाएगी. वापसी में यह बस रात 9:40 बजे दिल्ली से चलेगी.
- संकिसा (जनपद फर्रुखाबाद) से चलने वाली बस शाम 6:00 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी और अलीगंज में रुकने के बाद दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में यह रात 10:00 बजे दिल्ली से चलेगी.
- तीसरी बस सरौठ से अलीगंज होते हुए दिल्ली जाएगी और उसी मार्ग से वापस लौटेगी.
इस कार्यक्रम में उपस्थित अलीगंज के विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि यह क्षेत्र अब परिवहन सुविधाओं में तेजी से आत्मनिर्भर और मजबूत बन रहा है. उन्होंने कहा कि बौद्ध स्थली संकिसा, कपिल मुनि स्थली कंपिल और सरौठ जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से दिल्ली के लिए बसों का संचालन शुरू होना गर्व की बात है. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मैनपुरी से बदायूं होते हुए बरेली तक जाने वाले स्टेट हाईवे पर अभी तक कोई बस सेवा नहीं चल रही है. इसके लिए वे जल्द ही लखनऊ जाकर परिवहन मंत्री से मिलेंगे और इस मार्ग पर भी बस सेवा शुरू करने की मांग करेंगे. कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक से लखनऊ और आगरा के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग रखी. लोगों का कहना है कि इन 2 शहरों के लिए बसें चलने से शैक्षिक, व्यावसायिक और चिकित्सा से संबंधी सभी यात्राएं आसान हो जाएंगी.
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।