बस्ती में सड़क निर्माण के लिए गिराया काली मां का मंदिर, तरीके पर लोगों को आपत्ति, शिकायत दर्ज
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह मंदिर बस्ती नगर के आवास विकास क्षेत्र के मोड़ पर स्थित था और दशकों से स्थानीय लोगों की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ था. मंदिर को तोड़े जाने के पश्चात सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और बस्ती कोतवाली पहुंचकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की. उन्होंने सड़क निर्माण कार्य तत्काल रोकने की चेतावनी दी, जिसके परिणामस्वरूप निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया. विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि काली माता के मंदिर को हटाने से पहले न तो किसी प्रकार की पूर्व सूचना दी गई और न ही धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया. उन्होंने कहा कि, "मूर्ति विस्थापन की प्रक्रिया पूरी तरह से नजरअंदाज की गई. यह एक बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना कार्य है."
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर तोड़े जाने के बाद जल्दबाजी में एक छोटा-सा नया मंदिर बनवाकर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है. उनके अनुसार, "यह न केवल धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाला काम है, बल्कि एक प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर को मिटा देने जैसा है." प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक सड़क को निर्मित कराने के कार्य को फिर से शुरू नहीं होने देंगे. गुस्साए लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य को जबरन रुकवाया और सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया. प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस और लोक निर्माण विभाग दोनों ही मीडिया के सवालों से बचते नजर आ रहे हैं. जनआंदोलन की चेतावनी हिंदू संगठनों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि दोषियों को सजा नहीं मिली, तो वे व्यापक स्तर पर जनआंदोलन शुरू करेंगे. अखिलेश सिंह ने कहा कि, "विकास कार्यों के नाम पर हमारी आस्था और संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
ताजा खबरें
About The Author
शोभित पांडेय एक समर्पित और अनुभवशील पत्रकार हैं, जो बीते वर्षों से डिजिटल मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। खबरों की समझ, तथ्यों की सटीक जांच और प्रभावशाली प्रेज़ेंटेशन उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने न्यूज़ राइटिंग, वीडियो स्क्रिप्टिंग और एडिटिंग में खुद को दक्ष साबित किया है। ग्रामीण मुद्दों से लेकर राज्य स्तरीय घटनाओं तक, हर खबर को ज़मीनी नजरिए से देखने और उसे निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करने में उनकी विशेष रुचि और क्षमता है।